दतिया: गुलियापुरा के पास रेलवे ट्रैक पर अज्ञात बुजुर्ग का शव मिला
दतिया: जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुलियापुरा के समीप रेलवे लाइन पर बुधवार को लगभग 60 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही गोराघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि मृतक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई हो सकती है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
पुलिस ने बताया कि मृतक के पास कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतक का फोटो आसपास के गांवों और चौकियों में भेजकर पहचान की कोशिश की जा रही है। गोराघाट थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का परिचित या परिजन लापता है और यह जानकारी उससे मेल खाती हो तो तुरंत थाने में संपर्क करें। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर जांच जारी है। पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान न देने की भी सलाह दी है।