logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कलेक्टर के निर्देश पर बाढ़ नियंत्रण संबंधी बैठक सम्पन्न

कलेक्टर के निर्देश पर बाढ़ नियंत्रण संबंधी बैठक संपन्न

जिला एवं तहसील मुख्यालयों के कंट्रोल रूम नंबर जारी करने के निर्देश

बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव दल के मोबाइल नंबर दीवारों पर अंकित कराए जाएंगे

आगामी 15 जून से प्रारंभ होने वाले वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत ने सोमवार को बाढ़ आपदा प्रबंधन एवं राहत व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अपर कलेक्टर श्री रावत ने निर्देशित किया कि जिला एवं तहसील स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर निरंतर संचालित रहें तथा उनका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। उन्होंने कहा कि चंबल एवं क्वारी नदी से प्रभावित होने वाले गांवों में राहत एवं बचाव दल के मोबाइल नंबर सार्वजनिक स्थानों एवं दीवारों पर अंकित कराए जाएं, ताकि आपात स्थिति में ग्रामीण तत्काल संपर्क कर सकें।

बैठक में एसडीएम सबलगढ़, होमगार्ड कमांडेंट, आयुक्त नगर निगम, खाद्य विभाग, पशुपालन विभाग, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा तहसीलदार उपस्थित रहे।

अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी नगरीय निकाय एवं नगर निगम 15 जून तक अपने-अपने क्षेत्रों में नालों एवं नालियों की समुचित सफाई सुनिश्चित करें, जिससे वर्षा जल किसी भी वार्ड अथवा मोहल्ले में एकत्रित न हो। उन्होंने बताया कि जिले के लगभग 96 गांव चंबल एवं क्वारी नदी की बाढ़ से प्रभावित होते हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारी इन गांवों का भ्रमण कर संभावित राहत एवं पुनर्वास स्थलों का पूर्व चयन करें। साथ ही चयनित स्थानों की चाबी जिस व्यक्ति के पास हो, उसका नाम एवं मोबाइल नंबर कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने पंचायतों के माध्यम से गांवों के समीप उपलब्ध गोताखोरों, नावों, बांस, बल्लियों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त जिला एवं तहसील स्तर पर गठित कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबरों का प्रचार-प्रसार करने तथा 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के मोबाइल नंबर समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विभागवार अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की गई। जिन विभागों में आवश्यक सामग्री की कमी पाई गई, उन्हें त्वरित कार्यवाही करते हुए शासन को मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। अपर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं खाद्य विभाग को बाढ़ राहत शिविरों में गुणवत्तापूर्ण एवं पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena

32
1048 views

Comment