बिना नम्बर प्लेट चलने वाले वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई
बिना नम्बर प्लेट चलने वाले ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई
आरटीओ चेक पोस्ट का निरीक्षण कर कलेक्टर ने परिवहन विभाग को दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने आरटीओ चेक पोस्ट का निरीक्षण कर बिना नम्बर प्लेट अथवा बिना पंजीयन संख्या अंकित वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि नियम विरुद्ध संचालित होने वाले ट्रैक्टरों एवं अन्य वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि बिना नम्बर प्लेट संचालित वाहन कानून एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं। ऐसे वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर निरंतर जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जाए, जिससे अवैध परिवहन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
कलेक्टर द्वारा परिवहन विभाग को कार्रवाई हेतु विशेष सशस्त्र बल (एस.ए.एफ.) के अतिरिक्त 35 सशस्त्र जवान उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि संयुक्त रूप से प्रभावी जांच एवं निगरानी कार्यवाही संचालित की जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सबलगढ़ रोड पर यूनिट क्रमांक-1 के तहत 5 सशस्त्र बल, दिमनी थाना क्षेत्र में यूनिट क्रमांक-2 के तहत 5 सशस्त्र बल, सिकरोदा-देवरी रोड पर यूनिट क्रमांक-3 के तहत 5 सशस्त्र बल, आरटीओ चेक पोस्ट पर 10 सशस्त्र बल, टोल प्लाजा के पास 5 सशस्त्र बल तथा 5 सशस्त्र बलों को छापामार कार्रवाई हेतु तैनात किया गया है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में बिना नम्बर प्लेट संचालित वाहनों, अवैध परिवहन एवं नियम विरुद्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh