logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गर्रा पुल से अजीजगंज तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, दर्जनों वाहनों के चालान

शाहजहांपुर। शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। गर्रा नदी पुल से अजीजगंज तिराहे तक सड़क और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान भी किए गए।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी यातायात शुभम वर्मा ने यातायात पुलिस और थाना कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, सब्जी की दुकानें और फुटपाथों पर कब्जा किए बैठे लोगों को हटाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गर्रा पुल से अजीजगंज तिराहे तक अक्सर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान सड़क पर गलत ढंग से खड़े वाहनों के चालान किए गए, वहीं अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और ठेला चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई कि दोबारा मुख्य मार्ग और फुटपाथ पर कब्जा करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कुछ अवैध ठेलों को हटवाकर जब्ती की चेतावनी भी दी गई।

यातायात पुलिस ने दुकानदारों और ठेला चालकों से अपील की कि वे निर्धारित वेंडिंग जोन में ही दुकानें लगाएं, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। अधिकारियों ने कहा कि नगर क्षेत्र को जाम मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

5
846 views

Comment