ईद को लेकर रोजा क्षेत्र में पुलिस अलर्ट, कुर्बानी स्थलों का निरीक्षण
संवाददाता महाराज सिंहशाहजहांपुर।
आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बुधवार को क्षेत्राधिकारी सदर ने थाना रोजा क्षेत्र में व्यापक भ्रमण और पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कुर्बानी स्थलों, ईदगाहों, मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, आवागमन मार्ग और प्रकाश व्यवस्था को भी परखा गया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गश्त के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से संवाद कर ईद को भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। लोगों से अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा न करने को कहा गया। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील भी की गई।
क्षेत्राधिकारी सदर ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। इस दौरान थाना प्रभारी रोजा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।