गया में फिल्मी स्टाइल लूट ज्वेलरी कारोबारी को गोली मार 40 लाख के जेवर लूटे
गया जिले के गुरुआ बाजार में बुधवार की शाम अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी कारोबारी प्रभाकर कुमार वर्णवाल को गोली मारकर करीब 40 लाख रुपये मूल्य के जेवरात से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जिससे पूरे बाजार इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार गुरुआ बाजार स्थित एस ब्रदर्स ज्वेलरी दुकान के प्रोपराइटर प्रभाकर कुमार वर्णवाल रोज की तरह बुधवार की शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर रोकने की कोशिश की और विरोध करने पर गोली चला दी। गोली लगते ही प्रभाकर कुमार सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद अपराधियों ने उनके हाथ में मौजूद बैग छीन लिया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, जरूरी कागजात और अन्य सामान थे। लूटपाट के दौरान दुकान के स्टाफ सुभाष सिंह भी घायल हो गए। अचानक हुई गोलीबारी और अफरा-तफरी से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधी बस स्टैंड की ओर से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद बरतल्ला मोड़ होते हुए गुरारु की दिशा में भाग निकले। भागने के दौरान बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे ताकि कोई उनका पीछा न कर सके। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।
सूचना मिलते ही गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। वहीं शेरघाटी एसडीपीओ संदीप कुमार तथा शर्किल इंस्पेक्टर नेयाज अहमद भी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
घायल प्रभाकर कुमार को प्राथमिक इलाज के लिए गुरुआ अस्पताल भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गया रेफर कर दिया। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।