भालुकाडीह में गहराया पेयजल संकट, महिलाओं ने किया प्रदर्शन
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत तुमुंग पंचायत के भालुकाडीह गांव में भीषण पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान हैं। गांव में सोलर जलमीनार और पाइपलाइन व्यवस्था होने के बावजूद कई दिनों से जलापूर्ति ठप पड़ी है, जिससे लोगों को पानी के लिए दूर-दराज के जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
बुधवार को समस्या से नाराज ग्रामीण महिलाओं ने डेकची, बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर सोलर जलमीनार के पास प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पेयजल विभाग और जनप्रतिनिधि समस्या समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी की समस्या और बढ़ गई है, जिससे रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन और पेयजल विभाग से अविलंब खराब पड़ी व्यवस्था को दुरुस्त कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।