ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता, चरस के साथ युवक गिरफ्तार
📍 छुटमलपुर / सहारनपुर
जनपद में नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के अंतर्गत थाना फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक युवक को अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर कर सुरक्षित और बेहतर जीवन की ओर प्रेरित करना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर थाना फतेहपुर पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और निगरानी कर रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में मंगलवार 27 मई 2026 को चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुजफ्फराबाद से एसबीआई बैंक की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास आम के बाग में दबिश दी, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूषण पुत्र राजपाल निवासी ग्राम फरकपुर नवादा, थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 265 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई।
बरामदगी के आधार पर थाना फतेहपुर में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया।