पंचकूला में पुलिस और क्लब संचालकों के बीच अहम बैठक: एसीपी ने हुक्का, हुडदंगबाजी, तेज म्यजिक और अनुशासनहीनता को लेकर दी सख्त चेतावनी
पंचकूला पुलिस द्वारा शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा क्लबों व रेस्टोरेंट्स में सुरक्षित और अनुशासित माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज सैक्टर-1 स्थित जिला सचिवालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता एसीपी विक्रम नेहरा ने की, जिसमें पंचकूला के सैक्टर-5, 9, 10 व 11 में संचालित क्लबों और रेस्टोरेंट्स के संचालक उपस्थित रहे।
बैठक में एसीपी विक्रम नेहरा ने सभी संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों में आने वाले लोगों पर लगातार निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी ग्राहक या असामाजिक तत्व द्वारा विवाद, मारपीट या अनुशासनहीनता की स्थिति उत्पन्न होती है तो संचालक या बाउंसर स्वयं कानून हाथ में लेने की बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इसके साथ ही क्लबों और रेस्टोरेंट्स के भीतर किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन, सप्लाई या संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के भी सख्त निर्देश दिए गए। एसीपी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी क्लब में ड्रग्स या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़ी गतिविधि पाई गई तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संचालकों को अपने स्टाफ, ग्राहकों और आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क नजर रखने तथा तुरंत पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
क्लबों में तैनात बाउंसरों को लेकर भी विशेष हिदायतें जारी की गईं। एसीपी ने कहा कि क्लब संचालक केवल सत्यापित और नियमों के अनुसार कार्य करने वाले बाउंसर ही रखें। किसी भी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को सुरक्षा कर्मी के रूप में नियुक्त न किया जाए। बाउंसरों को ग्राहकों के साथ मर्यादित व्यवहार करने, अनावश्यक बल प्रयोग से बचने और कानून के दायरे में रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान क्लबों और रेस्टोरेंट्स में हुक्का परोसने को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी क्लब या रेस्टोरेंट में हुक्का परोसने की अनुमति नहीं होगी और यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा देर रात तेज आवाज में ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी चेतावनी दी गई। संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित साउंड लिमिट के भीतर ही म्यूजिक चलाएं ताकि आसपास के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसीपी विक्रम नेहरा ने बैठक में कहा कि पंचकूला को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अनुशासित शहर बनाए रखने के लिए पुलिस और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी संचालक प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।