सिकराय में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन 28 मई को
सिकराय : बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं गैस के दामों में लगातार वृद्धि, पेपरलीक मामलों, बढ़ती बेरोजगारी, बिजली-पानी की समस्याओं तथा बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा गुरुवार 28 मई 2026 को सिकराय में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिकराय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और विफलताओं के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करना है।
धरना-प्रदर्शन सुबह 9:00 बजे इंदिरा गांधी सर्कल, सिकराय से प्रारंभ होकर एस.डी.एम. कार्यालय तक पहुंचेगा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम में ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारिणी, प्रधान, पूर्व प्रधान, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, पार्षदगण, इकाई अध्यक्ष, NSUI साथी, विभिन्न अग्रिम संगठनों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन शामिल होंगे। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी सहभागिता निभाने की अपील की है।