बिजली शिकायतों पर सख्त हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज, कॉल सेंटर का किया औचक निरीक्षण
1912 हेल्पलाइन पर शिकायतों के त्वरित समाधान के दिए निर्देश, मोरनी और रोहतक की शिकायतों पर तुरंत लिया संज्ञान
पंचकूला, 27 मई:
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने पंचकूला स्थित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण कर बिजली उपभोक्ताओं की शिकायत निवारण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉल सेंटर में आने वाली शिकायतों, उनके समाधान की प्रक्रिया और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 1912 हेल्पलाइन सेवा शुरू की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिजली संबंधी शिकायत सीधे कर्मचारियों को बताने की बजाय 1912 पर दर्ज करवाएं, ताकि शिकायतों की पारदर्शी मॉनिटरिंग हो सके।
उन्होंने बताया कि पंचकूला स्थित कॉल सेंटर में लगभग 250 कर्मचारी 24 घंटे कार्यरत रहते हैं और लगातार शिकायतों का समाधान कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई उपभोक्ताओं से फोन पर बात कर समाधान की स्थिति जानी। कुछ उपभोक्ताओं ने संतोष जताया, जबकि कुछ मामलों में देरी मिलने पर अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में बिजली शिकायतों का समाधान दो घंटे के भीतर और ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि आज कॉल सेंटर में करीब 2500 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से आधी शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।
मोरनी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को मौके पर स्टाफ भेजकर बिजली बहाल करने के निर्देश दिए। वहीं रोहतक क्षेत्र में बढ़ती शिकायतों को लेकर भी अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।
अनिल विज ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो कॉल सेंटर में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर और तेज सेवाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायत समाधान में लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।
#AnilVij #Panchkula #1912Helpline #ElectricityDepartment #HaryanaNews #Morni #Rohtak #SamacharSansarNews24