टूटी नाली बनी हादसों का कारण, ग्रामीणों में आक्रोश
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
फतेहपुर जनपद के भिटौरा ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महादेवपुर में मुख्य मार्ग पर बनी नाली टूट जाने से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टूटी नाली के कारण आए दिन बाइक सवार और साइकिल चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीण रामदीन मौर्य ने बताया कि गांव का यह प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। नाली टूट जाने के कारण सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया है, जिससे विशेषकर बाइक सवार असंतुलित होकर गिर जाते हैं और चोटिल हो रहे हैं।
वहीं ग्रामीण कल्लू ने बताया कि उनके घर के पास नाली टूटने से राहगीरों को काफी दिक्कत हो रही है। कई लोग साइकिल समेत इस टूटे हिस्से में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत ग्राम प्रधान से कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द टूटी नाली की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।