बाबू बालेश्वर लाल की स्मृति में जुटे पत्रकार, संगठन की मजबूती और निष्पक्ष पत्रकारिता पर हुआ मंथन
खीरी प्रयागराज।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल जी की पुण्यतिथि पर काव्य कुंज धर्मशाला में श्रद्धांजलि सभा एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक जिला अध्यक्ष विपिन बिहारी गुप्ता ने की। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों ने स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बाबू बालेश्वर लाल जी ने ग्रामीण पत्रकारों को एक मंच प्रदान कर उनकी आवाज को मजबूती देने का कार्य किया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकार हितों के लिए संघर्ष करते हुए संगठन को नई पहचान दिलाई। वक्ताओं ने कहा कि आज भी उनके आदर्श पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला महामंत्री दिगम्बर प्रसाद त्रिपाठी ने संगठन के शुरुआती दौर की चुनौतियों और विस्तार की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता को मजबूत बनाने में बाबू बालेश्वर लाल जी की भूमिका अतुलनीय रही है। उन्होंने कहा कि संगठन सदैव पत्रकारों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहेगा।
इस दौरान कार्यवाहक जिला अध्यक्ष विपिन बिहारी गुप्ता ने पत्रकारों को संगठन के नए परिचय पत्र वितरित किए तथा बीमा योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने पत्रकारों से संगठित रहकर निष्पक्ष पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
जिला संरक्षक शेषनाथ कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं और जनहित से जुड़े मुद्दों को अपनी लेखनी का आधार बनाएं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
बैठक में उपाध्यक्ष उमा शंकर गुप्ता, मंडल महामंत्री कृष्णा केशरी, तहसील अध्यक्ष कोराव सुशील केशरी, तहसील अध्यक्ष बारा मोहम्मद अली भइयन, राकेश यादव,संदीप कुमार चौरसिया,अजय कुमार गुप्ता, सरदार पतिविंदर सिंह, खेमराज राज पटेल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को और मजबूत बनाने तथा पत्रकार हितों के लिए निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।