ठूठीबारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 120 लीटर डीजल के साथ युवक गिरफ्तार, अवैध तस्करी पर कसा शिकंजा
गड़ौरा पिकेट पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी, मोटरसाइकिल समेत डीजल बरामद
महराजगंज जनपद में पेट्रोल और डीजल की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ठूठीबारी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 120 लीटर डीजल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल तथा दो गैलनों में रखा डीजल बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में जिलेभर में अवैध ईंधन तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को गड़ौरा पिकेट पर थाना ठूठीबारी पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद दो गैलनों में कुल 120 लीटर डीजल बरामद हुआ। पूछताछ में युवक डीजल के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रेमसागर गुप्ता पुत्र विजय गुप्ता निवासी ग्राम अहिरौली मदरा थाना परसामलिक जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 24 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना ठूठीबारी में मु0अ0सं0 75/2026 के तहत धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध पेट्रोल-डीजल तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट : प्रदीप सिंह, महराजगंज