*जातिसूचक गाली, धमकी और प्रताड़ना से पीड़ित परिवार ने लगाई रायगढ़ एसपी से न्याय की गुहार, FIR दर्ज करने की मांग*
खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर
*जातिसूचक गाली, धमकी और प्रताड़ना से पीड़ित परिवार ने लगाई रायगढ़ एसपी से न्याय की गुहार, FIR दर्ज करने की मांग*
खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में अनुसूचित जाति परिवार के साथ कथित रूप से जातिगत प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़िता जानकी जांगड़े ने पुलिस अधीक्षक रायगढ़ एवं थाना खरसिया में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पड़ोसी परिवार द्वारा लगातार जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया जा रहा है। पीड़िता ने बताया कि 02 अप्रैल 2026 को घर के आंगन में पानी डालने के दौरान पड़ोसी महिला ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया। विरोध करने पर अन्य परिजनों द्वारा भी गाली-गलौज, धमकी और अभद्र व्यवहार किया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनकी बेटी पर पत्थर फेंकने का प्रयास किया गया तथा नाली का गंदा पानी और कचरा घर की ओर फेंका गया, जिससे परिवार भय और तनाव में है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि लंबे समय से परिवार को गांव छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है।
परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा लगातार सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और उन्हें “चमारों का घर” कहकर अपमानित किया जाता है। मामले में घर के आसपास गंदगी फैलाने, धमकाने और डर का माहौल बनाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ SC/ST एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
अब इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और लोगों की नजर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।