फिर दौड़ी नकहा जंगल-डालीगंज पैसेंजर
जरवलरोड रेलवे स्टेशन पर पहुंची ट्रेन का स्वागत करते लोग। -संवाद
जरवलरोड। कोरोना काल से बंद नकहा जंगल-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन सेवा मंगलवार से फिर
शुरू होने से व्यापारियों व आमजनों में उत्साह दिखा। ट्रेन संख्या 05065 के जरवलरोड रेलवे स्टेशन पहुंचने पर लोगों ने ट्रेन के पायलट और लोको पायलट का फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। ट्रेन गोंडा जंक्शन से चलकर गोंडा कचहरी, मैजापुर, कर्नलगंज और सरयू स्टेशन होते हुए दोपहर 01:55 पर जरवलरोड स्टेशन पहुंची। यहां पहले से मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से ट्रेन का स्वागत किया। लोगों ने कहा कि ट्रेन सेवा दोबारा शुरू होने से व्यापारियों, किसानों, छात्रों और मजदूरों को आवागमन में आसानी होगी। रेलवे विभाग के अनुसार ट्रेन संख्या 55061 नकहा जंगल से 26 मई की रात 11:10 बजे चलेगी और 27 मई की सुबह 6:50 बजे जरवलरोड पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 55062 डालीगंज से शाम 5:20 बजे चलकर रात 7:50 बजे जरवलरोड पहुंचेगी। (संवाददाता हसनैन शेख)