भ्रष्टाचारियों को 'कुर्सी', नागरिकता से तौबा! नीमच में कांग्रेस नेता ने कलेक्टर को थमाया 'नागरिकता त्यागपत्र
दिग्विजय सिंह की एंट्री से सियासी पारा हाई, बोले यह गांधीगिरी सिस्टम पर तमाचा
महेंद्र सिंह राठौड़
सिंगोली/नीमच:- नीमच में मंगलवार को जनसुनवाई बनी सियासी अखाड़ा। कांग्रेस नेता पंकज तिवारी ने भ्रष्टाचार पर कार्रवाई न होने से आहत होकर कलेक्टर को 'भारतीय नागरिकता' से त्यागपत्र सौंप दिया। कहा "चोर को कुर्सी मिले तो नागरिक बने रहने का क्या मतलब!"
प्रमाणित भ्रष्टाचार के बावजूद जिम्मेदारों पर कार्रवाई न होने से नाराज कांग्रेस नेता पंकज तिवारी ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में अनोखा 'गांधीवादी बम' फोड़ा। जनसुनवाई के बीच उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती व सैकड़ों समर्थकों के साथ अपनी 'भारतीय नागरिकता' से त्यागपत्र का ज्ञापन पढ़कर प्रशासन को सौंप दिया।
तिवारी ने आरोपों की झड़ी लगाते हुए कहा कि जावद जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण को लोकायुक्त ने तीन साल पहले रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा था। थड़ोद पंचायत में सरपंच-सचिव द्वारा लाखों के गबन की पुष्टि खुद कलेक्टर की जांच रिपोर्ट में हो चुकी है। इसके बावजूद पंचायत अधिनियम की धारा 39-40 के तहत दोषियों की कुर्सी सुरक्षित है।
"जिला पंचायत CEO और कलेक्टर सियासी दबाव में फाइलें दबाकर बैठे हैं। जब सबूत के बाद भी चोर को सजा के बजाय सम्मान मिले, तो ऐसे सिस्टम का नागरिक कहलाने से बेहतर है नागरिकता छोड़ देना"पंकज तिवारी ने जनसुनवाई में दहाड़ लगाई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 7 दिन में दोषियों को पद से बर्खास्त नहीं किया गया तो कांग्रेस व सामाजिक संगठन सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन छेड़ेंगे। ज्ञापन देते समय जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, ओम दीवान ब्लाक अध्यक्ष नीमच, मन्नू बना बागरेड़ युवक जिला कांग्रेस अध्यक्ष, कृपाल मंडलोई, सामाजिक कार्यकर्ता याद लोहार , मोनू लॉक्स , कैलाश धाकड़ उपसरपंच पति थडोद, अशोक चौधरी, अरविंद जेन नवीन सेन संजय पंवार पार्षद नीमच आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे
*दिग्गी राजा का ट्वीट बम: भोपाल तक हिला नीमच*
जनसुनवाई से पहले ही पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने पंकज तिवारी के 'नागरिकता त्याग' वाले पोस्टर को X पर शेयर कर समर्थन दे दिया। दिग्विजय ने लिखा –"यह गांधीगिरी नहीं, सिस्टम के मुंह पर तमाचा है"उनके ट्वीट के बाद मामला भोपाल तक गूंज गया और सियासत गरमा गई।
"रंगे हाथों पकड़े गए भ्रष्टाचारी कुर्सी पर बैठें और ईमानदार नागरिक लाइन में खड़ा रहे... अब ऐसे लोकतंत्र में जीने का औचित्य ही क्या है?"
:- पंकज तिवारी, कांग्रेस नेता, सिंगोली
"अब देखना है: प्रशासन जागेगा या फाइलों में दम तोड़ेगा आंदोलन?"