शितलापुर में संपर्क मार्ग निर्माण पर उठे सवाल, सिर्फ घास छीलने तक सीमित काम
महराजगंज। विकास खंड निचलौल के ग्राम पंचायत शितलापुर में भठी टोला से पूरब बैथ्वालिया सिवान होते हुए नहर तक बनाए जा रहे संपर्क मार्ग निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए जा रहे इस कार्य को लेकर चर्चा है कि सड़क निर्माण के नाम पर केवल ऊपर-ऊपर घास छीलने का काम किया जा रहा है, जबकि जमीन समतलीकरण और मजबूत मार्ग निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्य दिखाई नहीं दे रहा है।
बताया जा रहा है कि मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ स्थिति बनी हुई है। ऐसे में लोगों को उम्मीद थी कि निर्माण कार्य के तहत सड़क को दुरुस्त कर आवागमन सुगम बनाया जाएगा, लेकिन मौके पर कार्य सीमित नजर आ रहा है।
यदि इसी तरह निर्माण कराया गया तो बरसात के मौसम में यह मार्ग और खराब हो सकता है, जिससे आने-जाने में परेशानी बढ़ने की आशंका है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर मानक के अनुरूप कार्य कराए जाने की मांग उठ रही है।