कोटमी बाजार में सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, जेवरात लूटकर बदमाश फरार; पेंड्रा बंद, सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
गौरेला पेंड्रा मरवाही 27 मई 2026
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पेंड्रा के कोटमी साप्ताहिक बाजार में बेखौफ बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है। घटना के विरोध में आज पेंड्रा बंद का आह्वान किया गया है, वहीं आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया है।
दुकान बढ़ाते वक्त बदमाशों ने घेरा, विरोध करने पर मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मंगलवार (26 मई) शाम करीब 7 बजे की है। कोटमी गांव में साप्ताहिक बाजार लगा हुआ था। पेंड्रा निवासी सर्राफा व्यवसायी प्रदीप सोनी (उम्र लगभग 42 वर्ष) बाजार में अपनी दुकान समेटकर, सामान पैक करने के बाद अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और जेवरात से भरा बैग छीनने की कोशिश की।लूटे गए सोने-चांदी की सटीक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है।
अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस वाहन से लाया गया अस्पताल
गोलीबारी की सूचना मिलते ही कोटमी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। खून से लथपथ व्यापारी को तत्काल पुलिस वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद प्रदीप सोनी को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से शव लेकर सड़क पर उतरे लोग,
इस घटना के बाद पेंड्रा और कोटमी में स्थानीय नागरिकों और व्यापारी वर्ग का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय व्यापारियों ने जिला अस्पताल में पुलिस के सामने भारी नाराजगी जाहिर की और वहां से शव को लेकर पेंड्रा के दुर्गा चौक पहुंच गए। चौक पर शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर सर्राफा व्यापारी संगठन और अन्य व्यापारिक संगठनों ने आज पेंड्रा पूरी तरह बंद रखने का ऐलान किया है, जिसे व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।
आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीपीएम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अविनाश मिश्रा ने बताया:
व्यापारी अपना सामान पैक कर गाड़ी की तरफ जा रहे थे, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने बैग छीनने का प्रयास किया। झूमाझटकी के दौरान गोली चलाई गई, जिससे व्यापारी की मौत हो गई।
पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। जिले के सभी निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।"
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी स्थिति को संभालने के साथ-साथ परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। इस वारदात ने एक बार फिर व्यापारियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।