पश्चिम चंपारण: दहेज प्रताड़ना में विवाहिता ने पति पर दूसरी शादी का आरोप लगाया
पश्चिम चंपारण: भंगहा थाना क्षेत्र के जब्दी गांव की संध्या देवी ने अपने पति कमलेश महतो और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज की मांग, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए भंगहा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। संध्या के अनुसार, शादी के बाद कुछ समय तक सब सामान्य था, लेकिन बाद में ससुराल वालों ने बोलेरो गाड़ी के लिए दस लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी। जब मायके वाले इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थ रहे, तो पति और अन्य परिजन मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना करने लगे।
पीड़िता ने कहा कि 25 अप्रैल 2026 को सभी आरोपियों ने मिलकर उसे उसके बच्चे सहित घर से निकाल दिया। साथ ही उसने आरोप लगाया कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। जब वह अपने परिजनों व गांव के लोगों के साथ ससुराल पहुंची, तो वहां भी मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। संध्या देवी ने पति कमलेश महतो सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। भंगहा थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।