नेपाल बॉर्डर पर गांजा तस्कर गिरफ्तार, 9 किलो गांजा बरामद
मानपुर : भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल नरकटियागंज एवं मानपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त गश्ती टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 431/2 के समीप बिरांची गांव में एक तस्कर को 9.066 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
एसएसबी के मुख्य आरक्षी संजय कुमार दत्ता के नेतृत्व में मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे सी-समवाय पचरोता के कार्यक्षेत्र में संयुक्त गश्ती के दौरान नेपाल से मोटरसाइकिल से आ रहे संदिग्ध व्यक्ति रामकिशन यादव (30 वर्ष), पुत्र अशर्फी यादव, ग्राम मलदहिया, पोस्ट पोखरिया, जिला पश्चिम चंपारण को रोका गया। तलाशी में उसके पास से गांजा बरामद हुआ। तस्कर ने पूछताछ में बताया कि वह नेपाल से गांजा लाकर भारत में बेचने की योजना बना रहा था।
एसएसबी ने रामकिशन यादव को बरामद गांजा एवं मोटरसाइकिल सहित मानपुर थाना को सौंप दिया है। मानपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।