कलेक्टर ने की सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की सुनवाई
कलेक्टर ने की सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की सुनवाई
-----
जबलपुर संभाग के बालाघाट जिला कलेक्टर मृणाल मीना ने 26 मई को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज राजस्व विभाग की 300 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समक्ष में सुनवाई की। सुनवाई के दौरान उन्होंने शिकायतकर्ताओं एवं संबंधित क्षेत्र के पटवारियों से प्रकरणों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली तथा शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर डी. पी. बर्मन भी उपस्थित रहे।
सुनवाई के दौरान किरनापुर तहसील के ग्राम सोनपुरी निवासी रजनीश मेश्राम की शिकायत पर विचार किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि घनश्याम टांडेकर द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर शौचालय का निर्माण किया गया है। यह शिकायत पिछले 368 दिनों से लंबित थी। मामले की सुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने संबंधित पटवारी को शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार बैहर तहसील के ग्राम मोवाला निवासी आनंद गजभिये ने अपनी निजी भूमि का फर्जी नामांतरण कर बिक्री किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी, जो लगभग 400 दिनों से लंबित थी। इस मामले में कलेक्टर ने पटवारी को भूमि का सीमांकन कर नक्शा दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कटंगी निवासी गीता खंडेलवाल द्वारा ऋण पुस्तिका में गलत प्रविष्टि किए जाने की शिकायत की गई थी। वहीं तिरोड़ी निवासी शारदा कुमार डहरवाल ने अपनी भूमि का नक्शा तैयार नहीं किए जाने संबंधी आवेदन लंबित होने की शिकायत की थी। इसके अलावा लांजी तहसील के ग्राम बिरनपुर निवासी सोहन नगपुरे ने लीलाराम एवं हरीशंकर लिल्हारे द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
समक्ष में सुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने संबंधित पटवारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों में त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई कर शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
CM Madhya Pradesh
#JansamparkMP #jabalpur