ग्राम चारा में नए रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण की मांग
जालोर : ग्राम चारा के ग्रामीणों ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से ब्रिज संख्या 88 व 90 के मध्य एक नए अंडर ब्रिज (RUB) के निर्माण के आदेश देने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि लगभग 10 वर्ष पूर्व रेलवे विभाग ने फाटक नंबर 103 को बंद कर दिया था, जिससे ग्रामीणों को अपने खेतों, ढाणियों और आस-पास के गांवों तक पहुंचने के लिए ब्रिज 88 और 90 के नीचे बने संकरे रास्तों का उपयोग करना पड़ता है। इन रास्तों की चौड़ाई और ऊंचाई कम होने के कारण ट्रैक्टर, ट्रॉली या बड़े कृषि वाहन नहीं गुजर पाते, जिससे ग्रामीणों को 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
ब्रिज 88 के नीचे प्राकृतिक नाला है और इसकी चौड़ाई 9 फीट तथा ऊंचाई 15 फीट है, जो केवल हल्के वाहनों के लिए उपयुक्त है। ब्रिज 90 के नीचे से चामुंडेश्वर महादेव मंदिर का रास्ता गुजरता है, जिसकी ऊंचाई 6.5 फीट और चौड़ाई 7 फीट है, जिससे यहां से केवल मोटरसाइकिल या छोटे हल्के वाहन ही गुजर सकते हैं। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से शीघ्र कार्यवाही की अपील की है ताकि किसानों और ग्रामीणों की आवागमन की समस्या का समाधान हो सके।