logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खंडवा पुलिस की सतर्कता और साहस से युवक की बची जान

*खंडवा पुलिस की सतर्कता और साहस से युवक की बची जान*
---
*ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में डूब रहे युवक को आरक्षक रवि सोलंकी ने सुरक्षित बचाकर पेश की मिसाल*
इंदौर, 25 मई 2026
मध्यप्रदेश पुलिस के जवान ने तत्परता, साहस और मानवता का परिचय देते हुए खंडवा जिले के थाना मान्धाता क्षेत्र स्थित पवित्र तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में डूब रहे युवक की जान बचाकर सराहनीय कार्य किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र निवासी अभिषेक पिता अशोक नांदेड़ उम्र 29 वर्ष अपने तीन दोस्तों के साथ ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आया हुआ था। दर्शन से पूर्व सभी मित्र सुबह नर्मदा नदी में स्नान करने पहुंचे। स्नान के दौरान सभी युवक अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए। इस दौरान दो युवक तो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, किन्तु अभिषेक गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा।
अपने साथी को डूबता देख उसके दोस्तों ने सहायता के लिए जोर-जोर से पुकार लगाई। घाट पर ड्यूटी में तैनात थाना मान्धाता के आरक्षक रवि सोलंकी ने जैसे ही मदद की आवाज सुनी, उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल नर्मदा नदी के गहरे पानी में छलांग लगा दी। कठिन परिस्थितियों और जोखिम के बावजूद आरक्षक रवि सोलंकी ने साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक अभिषेक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद युवक एवं उसके दोस्‍तों द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
मध्यप्रदेश पुलिस निरंतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के लिए भी पूर्ण संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
#JansamparkMP
#indore
#इंदौर
PRO Khandwa

65
1116 views

Comment