*एमपीपीएससी मुख्य परीक्षा 2026 हेतु निःशुल्क कोचिंग 01 जून से*
*एमपीपीएससी मुख्य परीक्षा 2026 हेतु निःशुल्क कोचिंग 01 जून से*
----
*शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र इंदौर में आवेदन आमंत्रित*
इंदौर, 25 मई 2026
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) मुख्य परीक्षा 2026 की तैयारी के लिए शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र, इंदौर द्वारा निःशुल्क कोचिंग 01 जून 2026 से प्रारंभ की जाएगी। इस संबंध में सहायक आयुक्त एवं प्राचार्य श्रीमती आशा चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि एमपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2026 में उत्तीर्ण पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान से आवेदन पत्र प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों सहित शीघ्र जमा करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थी शासन की इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। प्रशिक्षण शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र, नवीन विधि महाविद्यालय के सामने, तक्षशिला परिसर, खंडवा रोड, भंवरकुआं, इंदौर में संचालित होगा।
प्रशिक्षण के लिए निर्धारित नियम एवं शर्तों के अनुसार आवेदक मध्यप्रदेश का अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग का होना चाहिए। अभ्यर्थी की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 6 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। साथ ही अभ्यर्थी का एमपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2026 में उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण का माध्यम हिन्दी रहेगा। पात्र अभ्यर्थियों को शीघ्र आवेदन कर आवश्यक दस्तावेज संलग्न करते हुए आवेदन जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
संस्थान द्वारा छात्रावास सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी, हालांकि नियमानुसार छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता उपस्थिति के आधार पर देय होगी। प्रशिक्षण केन्द्र में सर्वसुविधायुक्त पुस्तकालय उपलब्ध है, जिसमें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी पुस्तकें मौजूद हैं। इसके अतिरिक्त कम्प्यूटर लैब की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
केन्द्र में योग्य एवं अनुभवी अतिथि प्राध्यापकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही यहां प्री, मेन्स एवं साक्षात्कार स्तर तक प्रतियोगी परीक्षाओं का प्रशिक्षण संचालित किया जाता है।
---
#JansamparkMP #indore #इंदौर #MPPSC #CompetitiveExams #FreeCoaching #YouthEmpowerment #Education
Jansampark Madhya Pradesh
PRO Jansampark Indore
Indore Commissioner
Collector Office Indore