दौसा: डोलिका बांध कैचमेंट में पुलिया निर्माण शुरू
दौसा (सिकराय): डोलिका बांध के कैचमेंट एरिया में लंबे समय से रुका पुलिया निर्माण कार्य अब प्रशासन और अधिकारियों की सक्रियता से शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद ठेकेदार और प्रशासन ने निर्माण कार्य में तेजी लाई।
राजवास नदी क्षेत्र में पुलिया निर्माण न होने और अवरोधों के कारण बीते 20 वर्षों से डोलिका बांध में पानी की आवक बंद थी, जिससे 25 से अधिक गांवों का जलस्तर गिर रहा था। सरकार ने 50 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण को मंजूरी दी थी, लेकिन काम लंबित था। अब ग्रामीणों के दबाव और ज्ञापन के बाद निर्माण कार्य और अवरोध हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे मानसून से पहले जलस्तर में सुधार की उम्मीद जगी है।