उत्तर प्रदेश जिला उद्योग व्यापार मंडल द्वारा शहीदी दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया
गाजियाबाद। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश जिला उद्योग व्यापार मंडल द्वारा व्यापारी शहीद दिवस बड़े ही श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया तथा सभी व्यापारी शहीदों एवं संगठन के संस्थापक पंडित श्याम बिहारी मिश्र को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष प्रीतम लाल ने व्यापार मंडल की नीतियों, उद्देश्यों एवं व्यापारियों के हित में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन सदैव व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी व्यापारियों के हितों के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
साहिबाबाद विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार सिंह राणा ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन प्रतिवर्ष 26 मई को व्यापारी जगत के हितों के लिए संघर्ष करते हुए शहीद हुए व्यापारी साथियों की स्मृति में व्यापारी शहीद दिवस मनाता है। उन्होंने बताया कि 26 मई 1989 को सर्वे एवं छापों के विरोध में हुए व्यापारी आंदोलन के दौरान लखनऊ में पुलिस गोलीकांड में स्वर्गीय हरिश्चंद्र अग्रवाल जी शहीद हुए थे। इसके पश्चात विभिन्न आंदोलनों में अनेक व्यापारी साथियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर व्यापारी समाज के संघर्ष को नई दिशा प्रदान की।
इस अवसर पर वसुंधरा अध्यक्ष संजय अरोड़ा, झंडापुर अध्यक्ष रतन उपाध्याय, साइट-4 अध्यक्ष इरशाद खान, महासचिव इतेश पोसवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनीत त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजवीर सिंह, सचिव अमर सक्सेना, महिला अध्यक्ष वसुंधरा मिस मीनू चौहान, धीरज गुप्ता बिल्डर, हिमांशु चौधरी, अनिल कुमार वर्मा, अशोक राणा, शिवकुमार चौधरी, नीरज शर्मा, देवांश सक्सेना सहित अनेक व्यापारियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक एकता एवं व्यापारी हितों के प्रति समर्पण की भावना से ओत-प्रोत रहा।