मरदह-कासिमाबाद मार्ग के तिराहे पर अतिक्रमण बना मौत का कारण
गैस सिलेंडर लदे ट्रक की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम आर्यन यादव की दर्दनाक मौत
गाजीपुर जनपद के मरदह-कासिमाबाद मार्ग स्थित तिराहे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम आर्यन यादव की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चंवरा बिहरा (बिरनो) निवासी आर्यन अपने मामा-मामी के साथ मरदह बाजार आया था। इसी दौरान गैस सिलेंडर लदे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक प्रदीप कुमार निवासी बड़ागांव, वाराणसी की जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल चालक को आनन-फानन में जिला चिकित्सालय गाजीपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरदह तिराहे पर लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। सड़क किनारे ठेले, अवैध कब्जे और बेतरतीब तरीके से खड़े सवारी वाहन आए दिन जाम और हादसों का कारण बन रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासन लगातार मौन बना हुआ है।
ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।