logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

फ्लेक्सिटफ वेंचर्स मामले में कार्रवाई तेज, श्रमिकों को न्याय दिलाने की दिशा में प्रशासन सक्रिय

उधम सिंह नगर के सिडकुल क्षेत्र स्थित फ्लेक्सिटफ वेंचर्स इंटरनेशनल लिमिटेड से जुड़े श्रमिकों की शिकायतों पर अब प्रशासनिक कार्रवाई लगातार तेज होती दिखाई दे रही है। वेतन, ग्रेच्युटी और अन्य श्रम अधिकारों से जुड़ी शिकायतें समाधान पोर्टल पर दर्ज होने के बाद संबंधित विभागों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है।

श्रमिकों द्वारा कंपनी प्रबंधन और एमडी कार्तिक कलानी के खिलाफ लगाए गए आरोपों के बाद श्रम विभाग ने जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार कंपनी को नोटिस जारी किए गए हैं और कर्मचारियों के बकाया भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। प्रशासन स्तर पर शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

इस पूरे मामले में एडवोकेट उपेंद्र सिंह लगातार श्रमिकों की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि समाधान पोर्टल के साथ-साथ भारत सरकार के भारतीय प्रशासनिक लोक शिकायत विभाग (CPGRAMS) में भी उनके द्वारा कई शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इन शिकायतों पर भी संबंधित विभागों द्वारा तेजी से कार्रवाई की जा रही है। कई मामलों में विभागों ने रिपोर्ट तलब की है और जांच की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

एडवोकेट उपेंद्र सिंह का कहना है कि श्रमिकों को उनका बकाया वेतन, ग्रेच्युटी एवं अन्य अधिकार दिलाने के लिए हर संभव कानूनी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल कुछ कर्मचारियों का नहीं बल्कि श्रमिक हितों और उनके सम्मान से जुड़ा मामला है, इसलिए इसे गंभीरता से उठाया गया है।

श्रमिकों में भी प्रशासन की इस सक्रियता के बाद उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित उनके भुगतान और शिकायतों का समाधान जल्द निकलेगा। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो कंपनी प्रबंधन और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

क्षेत्र में यह मामला अब तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। श्रमिकों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने और सभी लंबित देयकों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है।

28
1164 views

Comment