वैचारिक निष्ठा, संगठन शक्ति और राष्ट्र सेवा के संदेश के साथ भाजपा प्रशिक्षण वर्ग का समापन
विचारधारा आधारित संगठन है भाजपा, राष्ट्र सेवा हमारा लक्ष्य : डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल
प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की शक्ति : अजय जामवाल
जागरूक एवं प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक ताकत : अजय जामवाल
छिंदवाड़ा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत स्थानीय अग्रवाल पैलेस में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का मंगलवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन विभिन्न वैचारिक एवं संगठनात्मक सत्र आयोजित किए गए, जिनमें भाजपा पदाधिकारियों एवं वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, राष्ट्र सेवा और वैचारिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद राधामोहन दास अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी व्यक्तिवाद नहीं बल्कि विचारधारा आधारित संगठन है, जहां सत्ता राष्ट्र सेवा का माध्यम है। भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित कार्यकर्ताओं का निर्माण करती है, जो भारत को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए समर्पित होकर कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति त्याग, तपस्या और बलिदान की राजनीति है। संगठन में परिवार भाव एवं आत्मीयता बढ़ाने के उद्देश्य से आवासीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते हैं, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और संगठनात्मक मजबूती विकसित होती है।
“जिज्ञासा समाधान” सत्र में कार्यकर्ताओं के प्रश्नों का समाधान
प्रशिक्षण वर्ग के अंतर्गत आयोजित “जिज्ञासा समाधान” सत्र में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का विस्तार से समाधान किया। सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने की।
सत्र में संगठनात्मक कार्यपद्धति, बूथ सशक्तिकरण, आगामी कार्यक्रमों एवं कार्यकर्ता की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा हुई। श्री जामवाल ने कहा कि जागरूक, अनुशासित एवं प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं।
राष्ट्र सेवा के लिए कार्यकर्ता निर्माण पर जोर
प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक प्रशिक्षण राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित एवं दक्ष कार्यकर्ताओं के निर्माण का माध्यम है। संगठन का उद्देश्य भारत माता के गौरव को परम वैभव तक पहुंचाना है।
गरीब कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण
“अपनी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं और उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर सांसद विवेक साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं सुविधाएं पहुंचाना है।
उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना एवं जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ता विकास एवं संगठन विस्तार पर मार्गदर्शन
“कार्यकर्ता विकास, संभाल एवं अपेक्षाएं” विषय पर पूर्व विधायक ताराचंद बावरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचार आधारित संगठन है और कार्यकर्ता उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। अनुशासन, सेवाभाव, अध्ययनशीलता एवं सकारात्मक सोच से ही सक्षम कार्यकर्ता का निर्माण होता है।
भाजपा के इतिहास एवं मीडिया प्रबंधन पर हुए सत्र
“भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह ने जनसंघ से लेकर भाजपा के गठन तक के इतिहास पर प्रकाश डाला।
वहीं “मीडिया प्रबंधन एवं सोशल मीडिया” विषय पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू एवं आदित्य शर्मा ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया एवं मीडिया समन्वय की जानकारी दी।
प्रशिक्षण वर्ग का संचालन जिला महामंत्री एवं जिला संयोजक कमलेश उईके ने किया तथा आभार प्रदर्शन ठाकुर प्रियवर सिंह द्वारा किया गया।
समापन सत्र में राष्ट्रीय महासचिव डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, सांसद विवेक साहू, जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, विजय झांझरी, कमलेश उईके, ठाकुर प्रियवर सिंह, राजेश श्रीवास्तव, श्रीमती भारती साहू सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।