उत्तर प्रदेश में ईद-उल-अजहा (बकरीद) की छुट्टी बदली
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव कर दिया है। शासन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार पहले घोषित 27 मई 2026 (बुधवार) के अवकाश को संशोधित करते हुए अब 28 मई 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। शासन ने बताया कि चांद दिखने की संभावित तिथि में परिवर्तन के कारण यह निर्णय लिया गया। उत्तर प्रदेश में ईद-उल-अजहा 28 मई 2026 को मनाए जाने की संभावना को देखते हुए अवकाश की तारीख बदली गई है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर सभी विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य बातें: पहले घोषित छुट्टी: 27 मई 2026
नई घोषित छुट्टी: 28 मई 2026
अवसर: ईद-उल-अजहा (बकरीद)
आदेश जारीकर्ता: उत्तर प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग