1 जून को गुरुग्राम से हरियाणा में विकास का नायाब अध्याय लिखेंगे मुख्यमंत्री सैनी, विकास मॉडल को देंगे नई दिशा
हरियाणा एक जून को औद्योगिक, तकनीकी और नवाचार आधारित विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाने जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम में आयोजित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के विकास मॉडल को नई दिशा देंगे। एक ओर जहां मुख्यमंत्री “मेक इन हरियाणा” औद्योगिक नीति एवं नौ नई क्षेत्रीय नीतियों का शुभारंभ करेंगे, वहीं दूसरी ओर “हरियाणा एआई सैंडबॉक्स” का उद्घाटन कर राज्य को आर्टिफिशल इंटेलिजेंस आधारित प्रशासन और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की शुरुआत करेंगे।
राज्य सरकार इन पहलों को “विकसित हरियाणा-विकसित भारत” के विजन से जोड़कर देख रही है। सरकार का मानना है कि आने वाले वर्षों में प्रतिस्पर्धा केवल पारंपरिक उद्योगों के आधार पर नहीं, बल्कि तकनीक, नवाचार, अनुसंधान और उच्च कौशल आधारित अर्थव्यवस्था के आधार पर तय होगी। इसी सोच के साथ हरियाणा को भविष्य के उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाने की तैयारी की जा रही है।