अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिवार का इकलौता सहारा छिना, खराब सड़क बना मौत का कारण
बरही । अनुमंडलीय अस्पताल के समीप मंगलवार को हुए सड़क हादसे में गुड़ियो गांव निवासी 45 वर्षीय मुकेश यादव की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मुकेश यादव अपने मित्र राजू सिंह के साथ बाइक से बरही बाजार आ रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में पीछे बैठे मुकेश यादव के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि बाइक चालक राजू सिंह मामूली रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल मुकेश यादव को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के लिए जर्जर सड़क और गड्ढों को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन से सड़क मरम्मत की मांग की है।
मृतक अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने पर कई जनप्रतिनिधि व समाजसेवी अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।