बेगूसराय में दर्दनाक सड़क हादसा, परीक्षा देने जा रही महिला और पांच माह के मासूम की मौत
बेगूसराय जिले के मंझौल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। हादसे में लगभग 25 वर्षीय महिला सुमन कुमारी तथा उसके करीब पांच माह के मासूम बेटे हिमांशु कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं महिला का देवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
घटना शिवरी पुल के समीप की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला सुमन कुमारी अपने देवर के साथ स्नातक की परीक्षा देने बेगूसराय जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से भीषण हादसा हो गया। हादसा इतना भयावह था कि महिला और मासूम बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मंझौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। वहीं घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग इस हादसे को लेकर गहरा दुख जता रहे हैं।
बेगूसराय से संवाददाता अरुण साह