मऊ, माननीय मुख्यमंत्री जी के संभावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन बैठक सम्पन्न।
मऊ। जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के संभावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी Anand Vardhan की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने हेलीपैड स्थल, जनसभा स्थल, बैरिकेडिंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल तथा शौचालय व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए जनसभा स्थल पर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की जाए। साथ ही लोगों के बैठने के लिए छायादार स्थान और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि हेलीपैड एवं जनसभा स्थल पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास नियमित सफाई के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए, जिससे स्वच्छता बनी रहे।
उन्होंने संबंधित विभागों को टेंट, मंच और हेलीपैड निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा तय समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत व्यवस्था, यातायात संचालन और आपातकालीन सेवाओं को भी पूरी तरह दुरुस्त रखने को कहा गया।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक Kamlesh Bahadur ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वीआईपी सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के हर पहलू पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०), अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी मुख्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।