उत्तराखंड क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव ने नवनियुक्त जिलाधिकारी आईएएस आशीष चौहान से शिष्टाचार भेंट
देहरादून : उत्तराखंड क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव ने नवनियुक्त जिलाधिकारी आईएएस आशीष चौहान से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चौहान को नए कार्यभार के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ललित श्रीवास्तव ने जनहित से जुड़े विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर जिलाधिकारी के साथ सकारात्मक चर्चा की और उम्मीद जताई कि आशीष चौहान के नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण होगा।
आशीष चौहान को एक अनुभवी और संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी बताते हुए ललित श्रीवास्तव ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कार्यकाल में जिले में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे और शासन की कल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचेंगी। नवनियुक्त जिलाधिकारी ने उत्तराखंड क्रांति सेना परिवार और ललित श्रीवास्तव का आभार व्यक्त किया और कहा कि जिले का सर्वांगीण विकास एवं जनता की समस्याओं का पारदर्शी समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर उत्तराखंड क्रांति सेना के अन्य पदाधिकारी और गणमान्य भी उपस्थित थे।