पंचकूला में अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई, 2.5 एकड़ में चला प्रशासन का बुलडोजर
पंचकूला, 26 मई। उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिला नगर योजनाकार विभाग ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव बतौर (बरवाला) क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर तोड़फोड़ अभियान चलाया। यह कार्रवाई डीटीपी श्रीमती बबीता गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार विभाग की टीम ने लगभग 2.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में जेसीबी मशीनों की मदद से प्लॉटों की निशानदेही और सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
यह अभियान ड्यूटी मैजिस्ट्रेट श्री रमेश कुमार टंडन, एसडीई पंचायती राज रायपुररानी श्री डिम्पी राठी तथा सहायक नगर योजनाकार पंचकूला की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
डीटीपी श्रीमती बबीता गुप्ता ने बताया कि किसी भी प्रकार की कॉलोनी विकसित करने या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले निदेशक, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग हरियाणा से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि विभाग से सीएलयू और लाइसेंस की अनुमति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण या अनाधिकृत कॉलोनी विकसित न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।