लखनऊ: AKTU में BTech कंप्यूटर नेटवर्क परीक्षा निरस्त, पुनः परीक्षा 5 जून को
लखनऊ: AKTU में एक बार फिर पेपर लीक का मामला सामने आया है। 21 मई को हुई BTech कंप्यूटर साइंस छठे सेमेस्टर की कंप्यूटर नेटवर्क परीक्षा को विश्वविद्यालय ने निरस्त कर दिया है क्योंकि यह पेपर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया था। जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद AKTU ने इस परीक्षा को 5 जून को दोबारा कराने का निर्णय लिया है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया ने बताया कि जांच में नोएडा के एक परीक्षा केंद्र की प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि कॉलेज के क्रेडेंशियल लीक हुए और उसी आईडी-पासवर्ड का उपयोग कर पेपर डाउनलोड कर प्रसारित किया गया। जांच कमेटी अभिलेखों और डिजिटल डेटा की जांच कर रही है और दोषी पाए जाने पर कॉलेज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।