काशी विश्वनाथ मंदिर में स्पर्श दर्शन के नाम पर ठगी करने वाले 25 गिरफ्तार
वाराणसी | दशाश्वमेध क्षेत्र
बनारस में बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। स्पर्श दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले 25 ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, दशाश्वमेध क्षेत्र के ACP अतुल अंजान त्रिपाठी ने शिकायतों के बाद विशेष रणनीति तैयार की। नए भर्ती हुए सिपाहियों को आम श्रद्धालु बनाकर मंदिर परिसर के आसपास भेजा गया। सिपाहियों ने खुद को दर्शन के लिए परेशान श्रद्धालु की तरह प्रस्तुत किया।
इसी दौरान ठग सक्रिय हो गए और “स्पर्श दर्शन” कराने के नाम पर पैसे मांगने लगे। जैसे ही लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले, पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक के बाद एक 25 आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए किसी भी दलाल, ठग या अवैध वसूली करने वाले लोगों के झांसे में न आएं।
⚠️ श्रद्धालु सावधान रहें — मंदिर में दर्शन की सभी व्यवस्थाएं प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित होती हैं।