उपायुक्त ने जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी बैठक की करी अध्यक्षता
पंचकूला, 26 मई। पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा ने सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएच, एचएसवीपी, पीएमडीए और पीडब्ल्यूडी विभाग को मानसून से पहले सभी सड़कों पर पैचवर्क पूरा करने तथा खराब पड़े साइन बोर्डों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी स्कूल बसों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूल वाहन में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक उपकरण और प्राथमिक चिकित्सा किट उपलब्ध होनी चाहिए। साथ ही आरटीए विभाग को नियमों का पालन न करने वाली स्कूल बसों के अधिक से अधिक चालान करने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को जिले के भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रकों की आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ट्रकों की एंट्री बंद रखी जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
बैठक में आरटीए सचिव हैरतजीत कौर ने सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उपायुक्त ने नगर निगम को निर्देश दिए कि शहर में लगे खराब सीसीटीवी कैमरों को जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और यातायात व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। उन्होंने पुलिस विभाग को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि ट्रैफिक लाइटों पर कोई भी व्यक्ति भीख मांगता न दिखाई दे।
इसके अलावा उन्होंने ओल्ड पंचकूला क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी रहने वाली टैक्सी और निजी सवारी गाड़ियों के खिलाफ चालान कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के कारण क्षेत्र में भीड़ बढ़ती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष रूप से स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए। नियमों की अवहेलना करने वालों के चालान किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सख्ती के साथ-साथ लोगों को जागरूक करना भी बेहद जरूरी है। इसके लिए शिक्षण संस्थानों में समय-समय पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं।
उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने तथा सड़क निर्माण एजेंसियों को आवश्यकतानुसार साइन बोर्ड लगाने और रोड मार्किंग कराने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और मृत्यु दर में कमी लाना है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के तुरंत बाद पीड़ित को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना जीवन बचाने में बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
बैठक में आरटीए सचिव हैरतजीत कौर, एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी विशाल कौशिक, एसीपी सुरेंद्र, डीडीपीओ विशाल पराशर, पीएमडीए के एसडीओ, इंस्पेक्टर आशीष सहित शिक्षा विभाग, नगर निगम, एनएचएआई, एचएसवीपी, पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर) और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#samacharsansarnews24 #Panchkula #SatpalSharma #RoadSafety #SchoolBusPolicy #TrafficRules #RTA #PanchkulaNews #HaryanaNews #SafeSchoolVehiclePolicy