कालपी में ईदुल अजहा की तैयारियां जोरों पर
ईदगाह में 7:30 पर होगी बकरीद की नमाज़
कालपी: मुसलमानों का दूसरा सबसे बड़ा पर्व ईदुल अजहा अत्यंत करीब है और मुस्लिम समाज में इस पर्व को लेकर उत्साह व्याप्त है। कालपी में बकरीद की तैयारियां पूरी गति से चल रही हैं। बकरीद के दिन मुस्लिम समाज के लोग सुबह जल्दी ईदगाह और मस्जिदों में इकट्ठा होकर नमाज़ अदा करते हैं और फिर अपने जानवरों की कुर्बानी करते हैं।
कालपी ईदगाह कमेटी के सेक्रेटरी हाजी अब्दुल हसीब रहमानी ने बताया कि शहर इमाम मौलाना नजमुल हुदा के ऐलान के मुताबिक बकरीद का पर्व 28 मई को मनाया जाएगा। बकरीद की नमाज़ कालपी ईदगाह में सुबह साढ़े सात बजे अदा की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि शहर इमाम ने मुसलमानों से अपील की है कि अपने जानवरों की कुर्बानी खुले में न करें और किसी को तकलीफ न पहुंचाएं, क्योंकि इस्लाम में दूसरों को तकलीफ पहुंचाने की हर गिज अनुमति नहीं है।