भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया 28 से
खानपुर कलां -26 मई। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 28 मई 2026 से शुरू होने जा रही है। इस संबंध में आज विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश ने विश्वविद्यालय का प्रॉस्पेक्टस लॉन्च किया। विश्वविद्यालय में विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश किए जाएंगे।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. सुदेश ने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय में छात्राओं को कौशल युक्त एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने बेटियों से अपील करते हुए कहा कि बेटियां उच्च शिक्षा एवं आत्मनिर्भर भविष्य के लिए भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में प्रवेश लेकर अपने सपनों को साकार करें।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। विश्वविद्यालय में कला, वाणिज्य, विज्ञान, प्रबंधन, विधि, शिक्षा, इंजीनियरिंग, आयुर्वेद, होटल मैनेजमेंट, फैशन टेक्नोलॉजी पी एच डी सहित अनेक विषयों में पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 मई से 25 जून 2026 तक चलेगी। छात्राएं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से निःशुल्क प्रॉस्पेक्टस डाउनलोड कर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। प्रवेश मेरिट के आधार पर किए जाएंगे।
फोटो कैप्शन :-01 शैक्षणिक सत्र 2026-27 का प्रॉस्पेक्टस लांच करते कुलपति प्रो सुदेश व अन्य।