खूंटी की महिला किसान ने उगाया दुनिया का महंगा मियाजाकी आम, लाखों में होती है कीमत
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड स्थित मरचा मिशन गांव की प्रगतिशील महिला किसान सिलप्रिया टोपनो इन दिनों चर्चा में हैं। उन्होंने जापान के प्रसिद्ध और दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल मियाजाकी आम की सफल खेती कर नई मिसाल पेश की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस आम की कीमत 1.5 लाख से 2 लाख रुपये प्रति किलो तक बताई जाती है।
सिलप्रिया टोपनो ने अपने बगीचे में मियाजाकी आम के तीन और अमेरिका रेड पाल्मर आम के सात पेड़ लगाए हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने कोलकाता से ऑनलाइन विदेशी पौधे मंगवाए थे। चार वर्षों की मेहनत और देखभाल के बाद अब पेड़ों में फल आने लगे हैं। लाल रंग के बड़े और आकर्षक आम लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
महिला किसान ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने रांची में मियाजाकी आम की बिक्री 1 हजार रुपये प्रति किलो की दर से की थी। इस बार फसल अच्छी हुई है, लेकिन गांव क्षेत्र में इतने महंगे आम खरीदने वाले ग्राहक नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने सरकार और उद्यानिकी विभाग से मार्केटिंग और निर्यात में सहयोग की मांग की है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव ने बताया कि मियाजाकी आम पोषक तत्वों से भरपूर होता है और स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। महिला किसान सिलप्रिया टोपनो अब जिले के किसानों के लिए प्रेरणा बनकर उभर रही हैं।