किशनगढ़बास क्षेत्र में विधिक जागरूकता शिविर*
*लोगों को कानूनी अधिकार बताए, योजनाओं की जानकारी दी*
*किशनगढ़बास क्षेत्र में विधिक जागरूकता शिविर*
*लोगों को कानूनी अधिकार बताए, योजनाओं की जानकारी दी*
खैरथल हीरालाल भूरानी
आमजन को कानूनी अधिकारों और न्याय व्यवस्था के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को किशनगढ़बास क्षेत्र के कई गांवों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पीएलवी गुलाब शर्मा और मनीष कुमार ने ग्रामीणों को राष्ट्रीय लोक अदालत, निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
पीएलवी गुलाब शर्मा ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद लोगों को विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि कई लोग जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं, इसलिए ऐसे जागरूकता शिविर बेहद जरूरी हैं।
कार्यक्रम में रालसा एवं नालसा की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों को घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, श्रमिक अधिकार और सरकारी योजनाओं से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। मोबाइल वैन के जरिए गांव-गांव पहुंचकर पंपलेट और ऑडियो संदेशों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया।
ग्रामीणों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कानूनी प्रक्रियाओं और योजनाओं से जुड़े सवाल पूछे।
आयोजकों ने कहा कि विधिक जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और कानूनी सहायता की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित न रहे।