लखनऊ विश्वविद्यालय में वृहद रोजगार मेला: 2500+ रिक्तियों के साथ युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वृहद रोजगार मेला युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ। यह आयोजन सेवायोजन निदेशालय, उत्तर प्रदेश एवं JITO (Jain International Trade Organization) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। रोजगार मेले में 25 से अधिक नामी एवं प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों में भर्ती प्रक्रिया संचालित की। मेले में 12वीं पास, डिप्लोमा धारक, आईटीआई प्रशिक्षित, स्नातक तथा प्रबंधन क्षेत्र के अभ्यर्थियों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
आयोजकों के अनुसार, कुल 2500 से अधिक रिक्तियों के सापेक्ष भर्ती प्रक्रिया चलाई गई, जिसमें प्रथम चरण में लगभग 250 से अधिक अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। चयन प्रक्रिया आगे भी चरणबद्ध रूप से जारी रहेगी।
कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार के रोजगार मिशन के तहत युवाओं को बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें निजी क्षेत्र से जोड़ने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर विभिन्न अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत ऐसे रोजगार मेलों का उद्देश्य युवाओं को कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।