पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा, पंप स्वामी दिनेश चन्द्र समेत कई घायल
शिकोहाबाद। बटेश्वर रोड स्थित माधौगंज शिकोहाबाद में आज सुबह एक पेट्रोल पंप पर सुरक्षा उपकरण फटने से बड़ा धमाका हो गया। धमाके की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर आग बुझाने के लिए रखे सुरक्षा सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि कार्यालय के केबिन में लगे कांच के शीशों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पेट्रोल पंप स्वामी दिनेश चन्द्र, मैनेजर सौरभ यादव समेत अन्य तीन कर्मचारी घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके की तेज आवाज सुनकर लोग घबराकर घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। फिलहाल प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा पेट्रोल पंप की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।