पापा, मैं शादी नहीं करूँगी!
पापा, मैं शादी नहीं करूंगी,
दहेज की कीमत पर बिल्कुल नहीं.......
पापा, मैं शादी नहीं करूंगी,
दहेज की कीमत पर बिल्कुल नहीं.......
इस कीमत पर शादी करके,
आपकी जिंदगी, मेहनत और सीख को बर्बाद नहीं करूंगी पापा।
पापा, मैं शादी नहीं करूंगी।
जिंदगी भर बहुत मेहनत से
आपने पैसा कमाया है,
हम सबको सफल बनाया,
पाई-पाई करके प्रॉपर्टी बनाई,
कैसे यह घर बनवाया है।
दहेज के बहाने.... आपकी प्रॉपर्टी पर नजर डालने वालों की
आबादी नहीं करूंगी।
ना पापा, मैं शादी नहीं करूंगी।
इनकी बलि नहीं चढ़ूंगी पापा,
गैस सिलेंडर से नहीं जलूंगी पापा,
अखबारों के पन्ने नहीं बनूंगी पापा,
बेटी आपकी ही रहूंगी पापा।
आजकल बुढ़ापे में भी
आत्मनिर्भर होना मजबूरी है,
मुझे दहेज में जो पैसा दोगे ना,
आपके फ्यूचर के लिए वह बहुत जरूरी है।
आपका सहारा बन पाऊं
ना बन पाऊं,
बुढ़ापे का सहारा छीन कर......
जल्दी नहीं करूंगी।
पापा, मैं शादी नहीं करूंगी।
आपने मुझे पढ़ाया-लिखाया,
पंख दिए, काबिल बनाया,
उड़ने को आसमान दिया,
रंग दिए जीने को।
दहेज में एक भी रुपया मैं ना ले जाऊंगी,
आपको और मां को रोड पर लाकर
अपना घर मैं कैसे बसाऊंगी?
आपके दिए विचारों की......
बर्बादी नहीं करूंगी।
मैं इन रस्मों को तोडूंगी पापा,
हर पिता की उम्मीद को जोडूंगी पापा,
गलत को बढ़ावा नहीं दूंगी पापा,
बेटी हूं, बेटी ही रहूंगी पापा।
पापा, मैं शादी नहीं करूंगी,
नहीं, इस कीमत पर नहीं...
पापा, मैं शादी नहीं करूंगी,
नहीं, इस कीमत पर नहीं..