बरेली में छज्जा लगाने को लेकर खूनी संघर्ष, गांव में तनाव का माहौल
मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव जाम में छज्जा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच छज्जा लगाने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।