logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 108 एंबुलेंस की शिकायत मिली तो सम्बंधित एजेंसी पर होगी कार्यवाही

➡️ सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 108 एंबुलेंस की शिकायत मिली तो सम्बन्धित एजेंसी पर होगी कार्यवाही

➡️ कलेक्टर डॉ सोनवणे ने समयसीमा की बैठक में दिए निर्देश

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समयसीमा की बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक एवं समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, सामाजिक न्याय एवं श्रम विभाग को शिकायतों के निराकरण में विशेष ध्यान देने को कहा।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने राजस्व विभाग अंतर्गत तहसील बैतूल शहर एवं मुलताई की प्रगति सुधारने के निर्देश संबंधित तहसीलदारों को दिए।

उन्होंने नॉन-अटेंडेंट शिकायतों एवं लोक सेवा गारंटी के समय-सीमा से बाहर जाने वाले प्रकरणों में जुर्माना अधिरोपित कर राशि रेडक्रॉस में जमा कराने के निर्देश दिए। जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र संबंधी प्रकरणों का योजना एवं सांख्यिकी विभाग के अमले द्वारा प्राथमिकता से निराकरण किए जाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने टाइम लिमिट एवं जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

➡️ 108 एम्बुलेंस में शिकायत मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जिले में जननी एक्सप्रेस एवं 108 एम्बुलेंस सेवाओं के प्रभावी संचालन पर जोर देते हुए कहा कि रेस्पॉन्स टाइम त्वरित होना चाहिए तथा दूरस्थ क्षेत्रों में भी एम्बुलेंस सेवाएं बेहतर ढंग से संचालित हों। उन्होंने कहा कि सीएमएचओ एवं नोडल अधिकारी प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि एम्बुलेंस सेवा में एक भी शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी को हटाया जाएगा। वहीं ड्राइवर द्वारा अनावश्यक मांग किए जाने पर उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। घोड़ाडोंगरी ब्लॉक के ग्राम जामखोदर में प्राप्त शिकायत पर संबंधित एम्बुलेंस चालक को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए।

➡️ कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करने के निर्देश

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने डीएमएफ एवं अन्य मदों से संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण विभाग, जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों एवं सेतु निगम को कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा।

➡️ #जल_गंगा_संवर्धन_अभियान की समीक्षा

बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान एवं जल संचय जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत संचालित जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने एवं उनकी जियो टैगिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आठनेर, भैंसदेही, प्रभातपट्टन एवं चिचोली जनपदों को प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल स्तर नीचे जाने वाले स्रोतों का चिन्हांकन कर वहां रिचार्ज स्ट्रक्चर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।

➡️ जर्जर स्कूल भवन एवं आंगनवाड़ियों में शीघ्र कार्य प्रारंभ हों

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जिले में चिन्हित जर्जर स्कूल भवनों एवं आंगनवाड़ियों के प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में जहां बेंच उपलब्ध नहीं हैं, वहां की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul

19
875 views

Comment