भीषण आग के बीच नागरिक सुरक्षा बनी सहारा वार्डनों ने संभाली सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की कमान
नागरिक सुरक्षा कोर गाजियाबाद के वार्डनों ने एनएच-24 के निकट बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित Allen Electronics में लगी भीषण आग के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि नागरिक सुरक्षा के वार्डनों ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन एवं दमकल विभाग को विशेष सहयोग प्रदान किया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम लगभग 6 बजे Allen Electronics में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया कि कंपनी की CNC मशीन अधिक गर्म होने के कारण उसमें आग लगी, जो देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री में फैल गई। यह कंपनी पंखे एवं लाइट निर्माण का कार्य करती है। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की कंपनियों को भी तत्काल खाली कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही नागरिक सुरक्षा के घटना नियंत्रण अधिकारी तुषार शर्मा ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों डिवीजन वार्डन दीपक अग्रवाल एवं घटना नियंत्रण अधिकारी संजय शर्मा को अवगत कराया तथा वार्डनों को तत्काल घटनास्थल पर भेजने का अनुरोध किया।
सूचना मिलते ही पोस्ट वार्डन रिशांक, डिप्टी पोस्ट वार्डन शशांक, पोस्ट-10 के वार्डन यतेंद्र, पोस्ट-7 के वार्डन कुनाल, पोस्ट-9 टाउन हॉल डिवीजन के वार्डन तथा पोस्ट-5 कोतवाली डिवीजन के वार्डन बृजपाल मौके पर पहुंचे और घटना नियंत्रण अधिकारी तुषार शर्मा के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग किया।
आग इतनी विकराल थी कि मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौजूद होने के बावजूद लंबे समय तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रहे। इस दौरान नागरिक सुरक्षा वार्डनों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, शांति व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण करने तथा भीड़ को घटनास्थल से दूर रखने में अहम भूमिका निभाई।
स्थानीय लोगों ने भी नागरिक सुरक्षा वार्डनों एवं अग्निशमन विभाग के संयुक्त प्रयासों की सराहना की।